Cyclone Shakti, season’s 1st over Arabian Sea: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चक्रवात ‘शक्ति’ के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए महाराष्ट्र के तटीय जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।IMD विभाग ने 4 से 7 अक्टूबर तक की अवधि के लिए मध्यम से उच्च स्तर का अलर्ट लागू किया है, जिसमें महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जैसे छह जिले शामिल हैं।
IMD मौसम विभाग के अनुसार, Cyclone Shakti चक्रवाती तूफान के प्रभाव के कारण रविवार, 5 अक्टूबर तक उत्तरी महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों में हवाओं की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँचने का अनुमान है। Cyclone Shakti के कारण कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 65 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तक भी पहुँच सकते हैं। चक्रवात के और तीव्र होने पर हवा की गति में और वृद्धि हो सकती है।
Cyclone Shakti के कारण समुद्री स्थितियाँ होंगी खराब
मौसम विभाग ने बताया कि 5 अक्टूबर तक उत्तरी महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थितियाँ बेहद खराब रहने की आशंका है। इसको देखते हुए मछुआरों और समुद्री यात्रा करने वालों को इस अवधि के दौरान समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है। तटीय इलाकों में रहने वाले नागरिकों से भी सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।
Cyclone Shakti के चलते महाराष्ट्र में भारी वर्षा और बाढ़ के आसार
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, महाराष्ट्र के आंतरिक भागों, विशेष रूप से पूर्वी विदर्भ और मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की संभावना भी है। उत्तरी कोंकण के निचले इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। IMD मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, Cyclone Shakti के कारण वातावरण में नमी का स्तर बढ़ने और घने बादलों के बनने से यह स्थिति उत्पन्न हो रही है।
Cyclone Shakti को लेकर प्रशासन ने की तैयारियाँ
महाराष्ट्र सरकार ने चक्रवात ‘शक्ति’ की संभावित चुनौतियों के मद्देनजर तैयारियाँ तेज कर दी हैं। जिला प्रशासनों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने आपदा प्रबंधन तंत्रों को सक्रिय करें और तटीय व निचले इलाकों में रहने वाले नागरिकों के लिए सुरक्षित निकासी की व्यवस्था तैयार रखें। सार्वजनिक परामर्श जारी करने और भारी बारिश के दौरान सुरक्षा उपायों के बारे में जागरूकता फैलाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
At 1800 UTC of 3 Oct, CS Shakhti lay centered about 340 km west of Dwarka. It is likely to move west-southwestwards and intensify further into a severe cyclonic storm around 0000 UTC of 4 Oct. Thereafter, to reach central parts of north & adj central Arabian Sea by 5th October. pic.twitter.com/IbMDuL5HPx
— India Meteorological Department (@Indiametdept) October 3, 2025
Cyclone Shakti चक्रवात की वर्तमान स्थिति
इससे पहले IMD ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया था कि “3 अक्टूबर को 1800 यूटीसी पर, चक्रवाती तूफान शक्ति द्वारका से लगभग 340 किलोमीटर पश्चिम में केंद्रित था। इसके पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 4 अक्टूबर को 0000 यूटीसी के आसपास एक गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इसके बाद, अनुमान है कि यह तूफान 5 अक्टूबर तक उत्तर और निकटवर्ती मध्य अरब सागर के मध्य भागों तक पहुँच जाएगा।”
IMD मौसम विभाग लगातार इस तूफान की हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर नए अपडेट जारी करता रहेगा। राज्य के नागरिकों से अनुरोध है कि वे मौसम विभाग की ओर से जारी नए अलर्ट और सलाहों पर ध्यान दें और सुरक्षा के सभी जरूरी उपाय करें।



