Digital payment toll india, NHAI नई दिल्ली। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बिना फास्टैग से वाहन चलने के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा करते हुए नई टोल भुगतान प्रणाली लागू करने का फैसला केंद्र सरकार द्वारा लिया है। भारत में अब ऐसे वाहन जिनमें फास्टैग नहीं लगा है, वे UPI के माध्यम से भुगतान करने पर टोल शुल्क का केवल 1.25 गुना ही भुगतान करेंगे। यह नई व्यवस्था 15 नवंबर से दिल्ली सहित देशभर के सभी टोल प्लाजा पर प्रभावी होगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के मुख्य महाप्रबंधक (संचालन) अब्दुल बासित ने शुक्रवार को मिडिया से बताया कि मंत्रालय ने इस संबंध में एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान प्रणाली के तहत, जिन वाहनों में फास्टैग नहीं लगा है या जिनका फास्टैग अमान्य है, उन्हें नकद भुगतान के रूप में टोल शुल्क का दोगुना भुगतान करना जरूरी है।
अब नई व्यवस्था के अंतर्गत, यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) के जरिए भुगतान की सुविधा शुरू की गई है। इसका लाभ उन सभी वाहन मालिकों को मिलेगा, जिनके वाहनों में फास्टैग नहीं लगा है या जिनके फास्टैग वॉलेट में पर्याप्त बेलेंस शेष नहीं है। अब इन वाहनों को नकद में दोगुना भुगतान करने के बजाय UPI के द्वारा केवल सवा गुना टोल शुल्क का भुगतान करना होगा।
NHAI की इस स्कीम से ऐसे बचेंगे पैसे समझे गणित
उदाहरण के तौर पर, यदि किसी टोल प्लाजा का मूल शुल्क 100 रुपये है, तो वर्तमान में बिना फास्टैग के नकद भुगतान करने पर 200 रुपये का भुगतान करना पड़ता है। इस नई व्यवस्था लागू होने के बाद, यदि वही वाहन चालक UPI के माध्यम से भुगतान करता है, तो उसे केवल 125 रुपये का भुगतान करना होगा। इस कदम से टोल प्लाजा पर नकद लेनदेन की मात्रा में और कमी आने की उम्मीद है।
NHAI करेगा तकनीकी समस्याओं का भी हल
नई अधिसूचना में तकनीकी समस्याओं के समाधान का भी प्रावधान भी किया गया है। यदि किसी टोल प्लाजा पर तकनीकी खराबी के कारण कोई वाहन मालिक, भले ही उसके फास्टैग में पर्याप्त राशि हो, टोल शुल्क का भुगतान नहीं कर पाता है, तो उसे बिना किसी शुल्क के टोल प्लाजा से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।
ऐसी स्थिति में, NHAI टोल प्लाजा पर एक ‘शून्य-लेनदेन रसीद’ जारी की जाएगी। इस रसीद में लेनदेन की तारीख और समय, कुल प्राप्त राशि (जो इस मामले में शून्य होगी) और वाहन की श्रेणी का विवरण भी दर्ज होगा। यह व्यवस्था तकनीकी दिक्कतों के कारण वाहन चालकों को होने वाली परेशानी को दूर करेगी और यातायात के सुचारू प्रवाह में सहायक होगी।
NHAI का यह कदम डिजिटल भुगतान प्रणाली में उपभोक्ताओं के विश्वास को और मजबूत करेगा तथा टोल प्लाजा पर नकदी रहित लेनदेन को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित होगा। सरकार का यह प्रयास है कि देश के सभी टोल प्लाजा पर डिजिटल भुगतान की प्रक्रिया को और अधिक सरल एवं सहज बनाया जाए।



