Rajasthan Weather, जयपुर। राजस्थान के कई इलाकों में अगले 48 से 72 घंटों के दौरान मौसम के बदलने और भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, जोधपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा और जयपुर संभाग के विभिन्न इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश देखी जा सकती है। इसके बाद 5 और 6 अक्टूबर को मौसम की स्थिति और गंभीर होने का अनुमान है।
राजस्थान में भी दिखेगा नए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
मौसम विज्ञानियों ने बताया कि एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण राज्य में 5-6 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना बन रही है। विशेष रूप से 5 अक्टूबर को जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर, अजमेर और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में दोपहर के बाद के समय में मौसम खराब होने की आशंका बन रही है। इन क्षेत्रों में तेज गरज-चमक, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और स्थानीय स्तर पर मध्यम से भारी बारिश होने के आसार मौसम विभाग द्वारा व्यक्त की गई है। राजस्थान के बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर तो अत्यधिक भारी वर्षा की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।
राजस्थान आगामी दिनों का मौसम पूर्वानुमान
राजस्थान मौसम विभाग ने 5 अक्टूबर से 7 अक्टूबर के बीच की अवधि के लिए विस्तृत अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली कड़कने और अचानक तेज हवाओं के चलने की संभावना है। 6 अक्टूबर को इस मौसमी प्रणाली का प्रभाव राज्य के और अधिक विस्तृत इलाको में में देखने को मिल सकता है।
जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई हिस्सों में तेज गरज-चमक, बिजली चमकने, 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश की प्रबल संभावना बनी हुई है। जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर के पूर्वी भागों में ऐसी ही मौसमी गतिविधियां 7 अक्टूबर तक जारी रह सकती हैं। हालाँकि, 8 अक्टूबर के बाद से स्थिति में सुधार की उम्मीद है और अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
राजस्थान के किसानों के लिए विशेष सुझाव
मौसम विभाग ने राज्य के किसानों के लिए विशेष सलाह जारी की है। विभाग के अनुसार, किसानों को खेतों में पककर तैयार खरीफ फसल को बारिश से भीगने से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम भी करने चाहिए। साथ ही, मंडियों में खुले आसमान के नीचे रखे गए अनाज और अन्य कृषि उत्पादों के संरक्षण की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
इसके अलावा, किसानों को सलाह दी गई है कि वे रबी की फसलों की बुआई का कार्य करते समय राजस्थान मौसम विभाग द्वारा जारी किए जाने वाले नवीनतम अपडेट और अलर्ट पर नजर बनाए रखें। इस अनिश्चित मौसमी परिस्थिति में सतर्कता और उचित तैयारी ही फसलों को संभावित नुकसान से बचा सकती है। मौसम विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर नए अपडेट जारी करता रहेगा।



