Delhi weather update in hindi, नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से आसमान में मंडराते हल्के बादलों ने दोपहर तक अपना रूप एकदम बदल लिया और शाम होते-होते कई इलाकों में हल्की फुहारों के बाद नोएडा और दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस अप्रत्याशित परिवर्तन का सीधा प्रभाव दशहरा के उत्सवों पर पड़ा, जहाँ दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन, रामलीला के आयोजनों और रावण दहन जैसे कार्यक्रम एकदम आई इस बारिश की चपेट में आ गए।
IMD मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा पहले ही जारी अलर्ट ज सही साबित हुआ। IMD विभाग के अनुसार, एक नया और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ 4 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिसके कारण इस क्षेत्र में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
IMD ने बताया बदलाव का कारण
IMD मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव पूर्वोत्तर अरब सागर और आसपास के सौराष्ट्र तट पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। इससे पैदा हुआ एक चक्रवातीय परिसंचरण राजस्थान के पूर्वी इलाको से होता हुए दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक एक नए ट्रफ का निर्माण कर रहा है। इस मौसम प्रणाली का प्रभाव सीधे तौर पर उत्तरी मैदानी इलाकों में साफ़ देखा जा रहा है।
IMD ने जारी किया आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने दिल्ली में 6 और 7 अक्टूबर को मौसम के खराब रहने का पूर्वानुमान आज जारी किया है। इन दिनों आसमान में बादल छाए रहने की अधिक संभावना है। दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है, जिसके साथ-साथ गरज और बिजली चमकने की भी घटनाएं हो सकती हैं।
इस दौरान हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो कुछ समय के लिए 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुँच सकती है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सलाह दी है कि वे नवीनतम मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें और आवश्यक सावधानी बरतें।



