Aaj Ka Mausam Kaise Rahega, नई दिल्ली। मानसून की वापसी के साथ ही देश के मौसम ने अब एक नया मोड़ ले लिया है। जहाँ एक और जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में शीत ऋतु की पहली बर्फबारी भी दर्ज की गई हैं, वहीं देश के उत्तरी और पश्चिमी भागों में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना से अगले सप्ताह भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, इसका प्रभाव अगले छह दिनों तक, यानी 9 अक्टूबर तक देश भर के कई राज्यों में रह सकता है।
IMD ने बताई पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से बदलेगा मौसम
IMD मौसम विभाग के विशेषज्ञों ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ तेज गति से सक्रिय हो रहा है, जो समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊँचाई पर स्थित है। इसके 5 से 7 अक्टूबर के बीच उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना बन रही है, जिसके परिणामस्वरूप इस क्षेत्र में व्यापक भारी वर्षा हो सकती है। इस मौसमी गतिविधि का चरम 6 अक्टूबर को देखने को मिलने की उम्मीद है। यह पश्चिमी विक्षोभ अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली ज्यादा नमी के साथ मिलकर और अधिक मजबूत होगा।
Deep Depression intensified into a cyclonic storm #Shakhti over NE Arabian Sea and lay near latitude 21.7N and longitude 66.8E,about 250 km west-southwest of Dwarka. To move west-southwestwards and intensify further into a severe cyclonic storm in next 24 hrs. pic.twitter.com/iaHbaQF8hP
— India Meteorological Department (@Indiametdept) October 3, 2025
IMD ने चक्रवाती तूफान की स्थिति को लेकर किया अपडेट
एक अन्य महत्वपूर्ण मौसमी बदलाव के तहत, अरब सागर के पूर्वोत्तर पर स्थित गहरा निम्न दबाव का क्षेत्र एक चक्रवाती तूफान में परिवर्तित हो गया है। वर्तमान में, यह तूफान द्वारका से लगभग 250 किलोमीटर, नलिया से 270 किलोमीटर, पोरबंदर से 280 किलोमीटर और कराची (पाकिस्तान) से 380 किलोमीटर की दूरी पर केंद्रित है। IMD मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यह तूफान अगले 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए एक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप भी ले सकता है।
IMD मुताबिक दिल्ली-NCR का मौसमी हाल
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम के बदलाव का स्पष्ट असर दिखाई दे रहा है। IMD के मुताबिक, दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखी गई। वर्तमान में, दिल्ली का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। विभाग ने 5, 6 और 7 अक्टूबर को दिल्ली-NCR में तूफानी हवाओं, बिजली कड़कने और भारी बारिश की अलर्ट जारी की है, जिस दौरान हवाओं की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुँच सकती है।
Due to a depression over Interior Odisha, many areas in East India, East Madhya Pradesh, and East UP can expect heavy to very heavy rainfall on 3 and 4 October.
On 4th October, some places in East UP, Bihar, &Sub-Himalayan West Bengal & Sikkim might see extremely heavy rainfall. pic.twitter.com/759Db2rmzk
— India Meteorological Department (@Indiametdept) October 3, 2025
उत्तर भारत के अन्य राज्यों के लिए पूर्वानुमान
5 से 7 अक्टूबर: जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में कहीं-कहीं भारी वर्षा;
5 और 6 अक्टूबर: पंजाब में वर्षा।
6 और 7 अक्टूबर: पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भारी बारिश। उत्तराखंड में 6 और 7 अक्टूबर को बारिश।
5 अक्टूबर: पूर्वी उत्तर प्रदेश में वर्षा।
6 अक्टूबर: पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अत्यधिक भारी वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना।
इन सभी प्रभावित क्षेत्रों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएँ चलने की भी आशंका है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे नवीनतम मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें और आवश्यक सावधानी बरतें।



