Haryana News, गुरुग्राम।हरियाणा- प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गुरुग्राम में जापान की प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित कर हरियाणा में निवेश बढ़ाने का आह्वान किया। इस दौरान राज्य सरकार और होंडा कंपनी के बीच सी एंड डी वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में एक समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए, जिसके तहत कंपनी कचरे से टाइल्स का निर्माण करेगी।
हरियाणा के सीएम नायब सैनी की जापान दौरे की तैयारी
यह बैठक मुख्यमंत्री की आगामी 6 से 8 अक्टूबर तक प्रस्तावित जापान यात्रा से पहले आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में पहले से स्थापित जापानी कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ निवेश बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा भी की। मुख्यमंत्री ने हरियाणा में जापानी कंपनियों के एक विशेष कलस्टर की स्थापना का प्रस्ताव रखते हुए नारायणगढ़ को इसके लिए आदर्श स्थल बताया। उन्होंने कहा कि “कम्पनियों को प्रदेश के नारायणगढ़ की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब जैसे प्रमुख केंद्रों से इसकी निकटता व्यापार के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी।”
मानेसर में जल आपूर्ति परियोजना
मानेसर क्षेत्र में जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वाकांक्षी परियोजना पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि “मूनक नहर से पाइपलाइन के माध्यम से पानी लाने की डीपीआर तैयार है और जल्द ही इसका टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।” उन्होंने कहा कि “लगभग तीन हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना को अगले 25-30 वर्षों की बढ़ती जनसंख्या की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।”
सीएसआर(Corporate Social Responsibility) निधियों के कुशल प्रबंधन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (Corporate Social Responsibility)निधियों के अधिक प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए कहा कि “इन निधियों का प्रबंधन जिला उपायुक्तों के माध्यम से शुरू किया जाना चाहिए, ताकि इसका अधिकतम लाभ आम जनता तक पहुंच सके।” उन्होंने अस्पतालों में भाषा पाठ्यक्रम शुरू करने और राज्य में स्थापित किए जा रहे मॉडल संस्कृति विद्यालयों में सहयोग के लिए उद्योगों से CSR निधि का उपयोग करने का सुझाव दिया। साथ ही, उन्होंने उद्योगों से सड़कों का सौंदर्यीकरण करने की अपील की।
हरियाणा के GST संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में आयोजित एक GST कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहाँ उन्होंने राज्य की आर्थिक प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर की गई GST सुधार की घोषणा मात्र एक महीने में लागू हो गई, जो मोदी की गारंटी की विश्वसनीयता को दर्शाता है।” उन्होंने बताया कि हरियाणा का शुद्ध राज्य जीएसटी (GST) संग्रह वित्तीय वर्ष 2018-19 के 18,910 करोड़ रुपये से बढ़कर 2024-25 में 39,743 करोड़ रुपये हो गया है, जो 110 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि को दर्शाता है।



