Haryana Tehsildar Transfer: हरियाणा सरकार ने राजस्व विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक साथ प्रदेश के 89 तहसीलदारों का तबादला कर दिया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के बाद यह बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जानकारी के लिए बता दे कि यह कदम राज्यभर की तहसीलों में लगातार मिल रही भ्रष्टाचार की शिकायतों के मद्देनजर उठाया गया है और माना जा रहा है कि तहसील स्तर पर इस पैमाने की कार्रवाई पहले कभी नहीं देखी गई।
सरकार नें क्यों उठाया गया यह कदम?
बीते कई महीनों से सरकार को तहसीलों में भ्रष्टाचार की कई शिकायतें मिल रही थीं। आम लोगों को जमीन और राजस्व से जुड़े कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इन सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने पूरी तहसील व्यवस्था की समीक्षा शुरू की। अधिकारियों के कामकाज की बारीकी से जांच की गई और उसके आधार पर इस बड़े तबादले का फैसला लिया गया।
CID की रिपोर्ट ने दिया आधार
इस कार्रवाई से पहले हरियाणा CID ने अपनी जांच रिपोर्ट में 47 तहसीलदारों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने की पुष्टि की थी। CID की इस रिपोर्ट ने सरकार के लिए कार्रवाई का ठोस आधार तैयार किया। रिपोर्ट के बाद सरकार ने और इनपुट जुटाए और अधिकारियों के कामकाज का आकलन किया गया। जांच में जमीन रिकॉर्ड में गड़बड़ी, रिश्वतखोरी और लोगों से अनावश्यक दस्तावेज मांगने जैसी शिकायतें भी सामने आईं।




सरकारी तंत्र में मची हलचल
सरकार द्वारा एकदम से 89 तहसीलदारों के एक साथ तबादले से हरियाणा के सरकारी तंत्र में हलचल मच गई है। राजस्व विभाग के इस फैसले को पूरी प्रशासनिक व्यवस्था में सख्ती का संकेत माना जा रहा है। जिन तहसीलदारों का स्थानांतरण किया गया है, उनमें से कई लंबे समय से एक ही जगह पर तैनात भी थे। सूत्रों के मुताबिक, इस फैसले के पीछे सरकार का मकसद पारदर्शिता बढ़ाना और भ्रष्टाचार के मामलों पर लगाम लगाना है।
हरियाणा सरकार का यह फैसला एक स्पष्ट संदेश देता है कि अब भ्रष्ट और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ बहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह कदम न सिर्फ राजस्व विभाग, बल्कि राज्य के अन्य विभागों के लिए भी एक चेतावनी का काम भी करेगा। आम जनता से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उठाया गया यह कदम सरकार की गंभीरता को दर्शाता है। उम्मीद की जा रही है कि इससे तहसील स्तर पर कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी और आम लोगों को राहत मिलेगी। आने वाले दिनों में अन्य विभागों में भी ऐसी कार्रवाई देखने को मिल सकती है।




