नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्वच्छता को बढ़ावा देने और साफ़ सुथरा रखने के लिए एक नवीन और प्रोत्साहन-आधारित योजना की शुरुआत की है। ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत इस पहल के अंतर्गत, अब कोई भी हाईवे यात्री यदि किसी टोल प्लाजा पर गंदे टॉयलेट की सूचना प्राधिकरण को देगा, तो उसे 1,000 रुपये का इनाम अपने FASTag में रिचार्ज के रूप में सीधे मिलेगा। यह योजना 31 अक्टूबर, 2025 तक चलेगी।
NHAI से यात्रियों को मिलेगा दोहरा लाभ
यह पहल एक स्मार्ट दृष्टिकोण अपनाते हुए यात्रियों को सार्वजनिक स्वच्छता का प्रहरी बनने के लिए प्रोत्साहित करेगी। एक ओर जहाँ इससे राजमार्गों पर स्वच्छता का स्तर सुधरेगा, वहीं दूसरी ओर यात्रियों को उनकी सक्रिय भागीदारी के लिए तत्काल आर्थिक लाभ भी सीधा मिलेगा। इससे टोल प्लाजा ऑपरेटरों पर स्वच्छता बनाए रखने का दबाव भी बनेगा।
NHAI से ऐसे करें शिकायत और पाएं इनाम
इस योजना का लाभ उठाने के लिए आप को निम्नलिखित सरल चरणों का पालन करना होगा:
राजमार्ग यात्री ऐप डाउनलोड करें: सबसे पहले, अपने स्मार्टफोन पर NHAI के ‘राजमार्ग यात्री’ (Rajmargyatra) ऐप के नवीनतम ऐप को डाउनलोड करना होगा।
फोटो खींचें और अपलोड करें: हाइवे पर स्थित गंदे टॉयलेट की एक स्पष्ट फोटो खींचें। यह फोटो स्वचालित रूप से जियो-टैग्ड (जगह का नाम ) और टाइम-स्टैम्प्ड (वर्तमान समय ) होनी चाहिए।
NHAI को जानकारी भरें: फोटो के साथ ही अपना नाम, टोल प्लाजा का स्थान, अपने वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर (VRN) और मोबाइल नंबर दर्ज करना अनिवार्य है।
इसके बाद, NHAI द्वारा रिपोर्ट की जाँच की जाएगी। यदि शिकायत वैध और सही पाई जाती है, तो रिपोर्ट दर्ज करने वाले यात्री के वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर से लिंक्ड FASTag खाते में 1,000 रुपये का रिचार्ज कर दिया जाएगा।
NHAI के इस इनाम पाने के लिए जरूरी हैं ये शर्तें
इस योजना के तहत इनाम प्राप्त करने के लिए NHAI ने कुछ महत्वपूर्ण नियम और शर्तें निर्धारित की हैं:
एक वाहन, एक इनाम: पूरी योजना की अवधि (31 अक्टूबर, 2025 तक) के दौरान प्रत्येक वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर के लिए केवल एक बार ही इनाम दिया जाएगा। इससे अधिक से अधिक लोगों के भाग लेने को प्रोत्साहन भी मिलेगा।
एक टॉयलेट, एक दिन में एक इनाम: किसी एक ही टॉयलेट के लिए एक दिन में सिर्फ एक बार ही इनाम दिया जाएगा, भले ही उसकी कितनी भी शिकायतें प्राप्त हों।
पहली रिपोर्ट को वरीयता: यदि एक ही दिन में एक ही टॉयलेट की कई रिपोर्ट्स मिलती हैं, तो केवल सबसे पहले प्राप्त होने वाली वैध रिपोर्ट को ही इनाम का पात्र माना जाएगा। इससे यात्रियों को तुरंत रिपोर्ट करने के लिए प्रेरणा भी मिलती है।
NHAI की यह पहल सार्वजनिक स्वच्छता को बढ़ावा देने में नागरिक भागीदारी की शक्ति को पहचानती है। यह केवल एक इनाम योजना नहीं, बल्कि एक सामूहिक जिम्मेदारी का आह्वान है। इससे टोल प्लाजा पर स्वच्छता की स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है, जिसका लाभ अंततः हर राजमार्ग यात्री को मिलेगा। एक स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक सराहनीय कदम है।



