NHAI Smart Travelling on Highways- अब भारत नेशनल हाइवे पर यात्रा के दौरान इमरजेंसी स्थितियों में यात्रियों को होने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल शुरू की जा रही है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने देशभर के राजमार्गों को और अधिक स्मार्ट बनाने के लिए एक नई तकनीकी व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया है. जल्द ही हाईवे पर अत्याधुनिक क्यूआर कोड साइनबोर्ड लगाए जाएंगे, जिन्हें मोबाइल फोन से स्कैन करते ही यात्रियों को सभी आवश्यक जानकारियां तुरंत उपलब्ध हो जाएंगी.
एनएचएआई ने शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में बताया कि इन क्यूआर कोड साइनबोर्डों के माध्यम से यात्रियों को राजमार्ग संख्या, परियोजना की लंबाई, निर्माण एवं रखरखाव अवधि, राजमार्ग पेट्रोल, टोल प्रबंधक, परियोजना प्रबंधक, निवासी इंजीनियर, एनएचएआई के क्षेत्रीय कार्यालय और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1033 सहित सभी महत्वपूर्ण विवरण तत्काल प्राप्त हो सकेंगे.
NHAI ने सांझा की आगामी योजना को लेकर विस्तृत जानकारी
इसके अतिरिक्त, जब कोई यात्री QR कोड स्कैन करेगा, तो उसे आस-पास उपलब्ध सभी जरूरी सुविधाओं के बारे में संपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी. इनमें पेट्रोल पंप, अस्पताल, होटल, रेस्तरां, पुलिस स्टेशन, ट्रक ले-बाय सुविधा, पंचर मरम्मत केंद्र, वाहन सर्विस स्टेशन और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन जैसी महत्वपूर्ण मुलभुत जरूरी सुविधाएं शामिल हैं. इस व्यवस्था से यात्रियों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सकेगी.
हाइवे पर इन जगहों पर लगेंगे NHAI के QR साइनबोर्ड
हाइवे पर यात्रा के समय यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन QR कोड बोर्डों को विशेष रूप से चयनित स्थानों पर लगाया जाएगा. NHAI ने इनमें वे-साइड सुविधा केंद्र, आराम क्षेत्र, टोल प्लाजा, ट्रक ले-बाय सुविधा, और राजमार्ग के प्रारंभिक एवं अंतिम बिंदु जैसे स्थान शामिल हैं. इन स्थानों पर क्यूआर कोड बोर्ड लगाने का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एकदम पड़ने पर चालक और यात्री तुरंत इन्हें स्कैन करके सटीक और विश्वसनीय जानकारी प्राप्त कर सकें.
NHAI की इस योजना से यात्रियों को होने वाले लाभ
NHAI की इस अभिनव पहल के कई महत्वपूर्ण लाभ हैं. इससे यात्री गलत मार्ग पर भटकने से भी बच सकेंगे और निकटतम सुविधाओं की खोज में समय की बर्बादी नहीं होगी. साथ ही, आपातकालीन स्थितियों में नजदीकी अस्पताल या पुलिस स्टेशन का पता तुरंत लगाया जा सकेगा. NHAI के अनुसार, यह पहल न केवल यात्रियों को त्वरित और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराएगी, बल्कि इससे सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा. इस तकनीकी समाधान से राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा और अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और कुशल बनेगी.



