Haryana Halchal, यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले के थाना रादौर इलाके में 65 वर्षीय बुजुर्ग ओमप्रकाश की रहस्यमयी हत्या का मामला आखिरकार हरियाणा पुलिस द्वारा सुलझ गया है। पुलिस ने मृतक की अपने बेटे की बहू ललिता और उसके प्रेमी करतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी मुताबिक पूरी वारदात कुछ यूं हुई कि मृतक की बहु ललिता और करतार सिंह के बीच पिछले तीन साल से चल रहे अवैध संबंधों की भनक जब बुजुर्ग ससुर ओमप्रकाश को लगी, तो बदनामी के डर से दोनों ने मिलकर 65 वर्षीय बुजुर्ग ओमप्रकाश की हत्या कर डाली।
हरियाणा पुलिस ने बताया कि 12 सितंबर की वो काली रात जब ओमप्रकाश गहरी नींद में सो रहे थे, तब ललिता और करतार सिंह ने उनका गला रेतकर बुजुर्ग ओमप्रकाश की हत्या कर दी। इसके बाद दोनों ने शव को वैसे ही चारपाई पर छोड़ दिया और एक सोची-समझी साजिश के तहत रो-धोकर घर में एक ऐसा ड्रामा रचा, जिससे पूरा परिवार और मोहल्ले वाले भी उन पर इस कांड को लेकर शक न करें।
हरियाणा पुलिस ने ऐसे पकड़े कातिल
डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए CIA की टीम ने तुरंत जांच शुरू की। शुरुआत में ललिता ने खुद को बेगुनाह साबित करने की भरपूर कोशिश की और गांव के दूसरे लोगों पर भी आरोप लगाए। लेकिन पुलिस की गहन पूछताछ और सबूतों के आगे आखिरकार उसने अपना जुर्म कुबूल भी कर लिया।
“इस मामले में CIA-1 की टीम ने निष्ठा से काम करते हुए आरोपी ललिता और उसके प्रेमी करतार को गिरफ्तार किया है,” डीएसपी गुलिया ने कहा। “दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है ताकि हत्या की साजिश और घटनाक्रम से जुड़े सभी राज़ पूरी तरह से खोले जा सकें।” पुलिस का मानना है कि रिमांड के दौरान हत्या की साजिश से जुड़े और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
गिरफ्तारी के बाद अब पूरे इलाके में इस क्रूर हत्या की चर्चा है और लोग हरियाणा पुलिस की कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था या फिर दोनों आरोपियों ने अकेले ही यह जघन्य अपराध अंजाम दिया। यह मामला एक बार फिर उस सामाजिक कुरीति की ओर इशारा करता है, जहां अवैध संबंधों को छुपाने के चक्कर में इंसान इतना निर्मम हो सकता है कि अपने ही परिवार के सदस्य की जान लेने से भी नहीं हिचकिचाता।




