IMD Weather Update,नई दिल्ली। देशभर में इन दिनों मानसून की वापसी की असमान गतिविधियां देखने को मिल रही हैं। कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है तो कहीं मानसून के लौटने के बाद भी मौसम ने करवट ली है। IMD मौसम अपडेट के अनुसार, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में मानसून के सक्रिय रहने के कारण बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को तेज धूप और बादलों की लुकाछिपी का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। IMD मौसम अपडेट के अनुसार, न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सप्ताहांत में मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है, हालांकि बारिश की संभावना भी बनी हुई है।
पहाड़ी राज्यों में IMD ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अभी भी करवट नहीं बदली है। हिमाचल के किन्नौर में गुरुवार-शुक्रवार की रात बादल फटने से आई अचानक बाढ़ के बाद अब भी कई इलाके प्रभावित हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों में अगले कुछ घंटों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के बागेश्वर, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और हरिद्वार जिलों में शनिवार को भारी बारिश की अलर्ट जारी की गई है।
IMD पूर्वानुमान में दक्षिण और पूर्वी राज्यों में मानसूनी सक्रियता
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और केरल में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती परिसंचरण के कारण असम, मेघालय, अंडमान, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में मानसूनी गतिविधियां जारी रहेंगी।
पश्चिमी राज्यों में IMD अपडेट मुताबिक हल्की बारिश
पूर्वी राजस्थान के कई क्षेत्रों में आज और कल हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। IMD अपडेट में मौसम विभाग ने नागरिकों से सलाह दी है कि वे भारी बारिश वाले क्षेत्रों में यात्रा करते समय सतर्कता बरतें और नवीनतम मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें।




