Silver Rate Today, नई दिल्ली। इस बार करवाचौथ और दिवाली के त्योहारों पर सोना नहीं, बल्कि चांदी अपनी असली चमक दिखा रही है। जहां निवेशक सोने में निवेश का प्लान बना रहे थे, वहीं चांदी ने बुधवार, 8 अक्टूबर को एक नया इतिहास भी रच दिया और अपने सभी पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। दिल्ली सराफा बाजार में चांदी का भाव 1,57,100 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया, जबकि दक्षिण के शहरों चेन्नई और हैदराबाद में यह 1.67 लाख रुपये को छू रही है।
जानकारों की माने तो यह उछाल कोई सामान्य त्योहारी मांग नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक बड़ा वैश्विक कारण है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि दुनियाभर में इंडस्ट्रियल सेक्टर में चांदी की मांग अचानक तेजी से बढ़ी है, जो इसकी कीमतों के रॉकेट जैसे उछाल का मुख्य ईंधन बनी हुई है। चांदी की कुल वैश्विक मांग में 60-70% हिस्सा अब इंडस्ट्रियल यूज का बना है।
शहर-दर-शहर कहाँ कितना है Silver का भाव?
इस बार चांदी के रेट में क्षेत्रीय अंतर भी साफ देखने को मिल रहा है। जहां दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, जयपुर जैसे अधिकांश बड़े शहरों में कीमत 1.57 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास है, वहीं चेन्नई और हैदराबाद में यह 1.67 लाख रुपये तक पहुंच गई है। और यह अंतर मुख्य रूप से टैक्स और ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट के कारण है।
टॉप-12 शहरों में Silver की कीमतें (रुपए/किग्रा)
| क्रमांक | शहर | चांदी (₹/किग्रा) |
|---|---|---|
| 1 | दिल्ली | 1,57,000 |
| 2 | मुंबई | 1,57,000 |
| 3 | अहमदाबाद | 1,57,000 |
| 4 | चेन्नई | 1,67,000 |
| 5 | कोलकाता | 1,57,000 |
| 6 | गुरुग्राम | 1,57,000 |
| 7 | लखनऊ | 1,57,000 |
| 8 | बेंगलुरु | 1,57,000 |
| 9 | जयपुर | 1,57,000 |
| 10 | पटना | 1,57,000 |
| 11 | भुवनेश्वर | 1,57,000 |
| 12 | हैदराबाद | 1,67,000 |
Silver ने MCX और IBJA पर टूटे सारे रिकॉर्ड
इस ऐतिहासिक रैली का असर कमोडिटी एक्सचेंजों पर भी साफ दिखाई दिया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी ने एक ही दिन में 3,085 रुपये की जबरदस्त छलांग लगाते हुए 1,49,138 रुपये प्रति किलो का स्तर छू लिया। वहीं, इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों में यह 1,52,700 रुपये के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई।
Silver में आगे क्या है रास्ता?
विशेषज्ञों का अनुमान है कि अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में यही ट्रेंड जारी रहा और त्योहारी मांग ने भी जोर पकड़ा, तो आने वाले कुछ हफ्तों में चांदी की कीमत 1.80 लाख रुपये प्रति किलोग्राम का जादुई आंकड़ा भी पार कर सकती है। करवाचौथ और धनतेरस पर चांदी के सिक्के, बर्तन और ज्वेलरी की रिकॉर्ड डिमांड इस आग में घी का काम कर सकती है। ऐसे में, लगता है कि इस बार का त्योहारी सीजन निवेशकों के लिए ‘सिल्वर’ ही सही मायने में ‘गोल्डन’ साबित होने वाला है।



