Uttarakhand Weather Today News: उत्तराखंड के बर्फबारीपर्वतीय क्षेत्रों में मंगलवार को भी बारिश का दौर जारी रहा, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। राज्य की राजधानी देहरादून में हुई बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट भी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम होकर 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से नीचे तक बना रहा।
मंगलवार की सुबह तड़के से ही शुरू हुई बारिश का असर पूरे दिन शहर के मौसम पर देखने को मिला। दिन के समय मौसम साफ होने के बाद धूप निकली, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने फिर करवट बदली और गरज-चमक के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। देहरादून में इस दौरान 2.1 MM वर्षा रिकॉर्ड की गई।
30 सालों में पहली बार अक्टूबर में हुई बर्फबारी
राज्य के पर्वतीय इलाकों में मौसम में हुए बदलाव के कारण सीजन की पहली बर्फबारी ने कई क्षेत्रों को सफेद चादर में तब्दील कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, लगभग तीन दशक बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब अक्टूबर महीने के प्रथम सप्ताह में ही इतनी बर्फबारी दर्ज की गई है।
सीमांत क्षेत्र की नीति घाटी में स्थित गमशाली, द्रोणागिरी और मल्हारी सहित अन्य गांवों में भारी बर्फबारी हुई है। इस असामयिक बर्फबारी के कारण स्थानीय निवासी अपने खेतों से अनाज नहीं निकाल पा रहे हैं, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
कई तीर्थ स्थलों पर जमी बर्फ
हेमकुंड साहिब में लगभग दो फीट तक बर्फ जमा हो गई है, जबकि बद्रीनाथ धाम के पीछे स्थित पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी के कारण पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। केदारनाथ धाम और उसके आसपास की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में पर्वतीय इलाकों में बारिश जारी रह सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना है। इस मौसमी बदलाव ने एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं दूसरी ओर किसानों के लिए चिंता का कारण भी बन गया है।



