Aaj ka Mausam IMD मौसम अपडेट, नई दिल्ली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा मौसम अपडेट में सितंबर माह के अंतिम दिनों और अक्टूबर के प्रथम सप्ताह के दौरान देश के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक वर्षा एवं तूफानी गतिविधियों की संभावना जताई है। विभाग के नये पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिम, पूर्व, उत्तर-पूर्व और मध्य भारत के अनेक राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश के आसार बन रहे हैं, साथ ही कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी आशंका भी बन रही है।
IMD मुताबिक पश्चिमी भारत में राज्यों का मौसमी रुख
IMD मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों की अवधि में (30 सितंबर को छोड़कर) कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के विस्तृत क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश देखी जा सकती है। इन क्षेत्रों में गरज के साथ तूफान आने की भी संभावना है। इसी तरह, 30 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सौराष्ट्र एवं कच्छ क्षेत्र में वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है। 30 सितंबर को इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
भारत के पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में वर्षा की संभावना
पूर्वोत्तर भारत में राज्यों के लिए मौसम विभाग ने लगातार वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया है। 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक असम और मेघालय में बारिश जारी रह सकती है। 30 सितंबर से 2 अक्टूबर के मध्य नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश एवं गरज-चमक के साथ तूफान की संभावना है। 2 और 3 अक्टूबर को असम और मेघालय में अत्यधिक भारी वर्षा की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। 1 से 5 अक्टूबर तक अरुणाचल प्रदेश में भी हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
वही पूर्वी भारत की बात करें तो अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 30 सितंबर को वर्षा होने की संभावना है। वहीं, 2 से 4 अक्टूबर के बीच पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश के आसार बन रहे हैं। त्रिपुरा में 1 से 4 अक्टूबर तक वर्षा की संभावना जताई गई है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है।
पश्चिम बंगाल पर निम्न दबाव का प्रभाव
IMD मौसम विभाग ने एक महत्वपूर्ण अलर्ट जारी करते हुए बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभावस्वरूप 1 अक्टूबर से पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की शुरुआत हो सकती है। 2 से 4 अक्टूबर की अवधि में राज्य के अनेक हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा होने की आशंका है। इस दौरान हवाओं की गति 35 से 45 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है, जो कुछ स्थानों पर 55 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँच सकती है।
झारखंड के लिए IMD का येलो अलर्ट
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 4 अक्टूबर तक झारखंड के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ-साथ कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा की भी संभावना है। 2 अक्टूबर को पूर्वी झारखंड, विशेष रूप से सांताल परगना और निकटवर्ती इलाकों में बारिश हो सकती है। 3 अक्टूबर को राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्यवर्ती भागों में कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की जा सकती है।
IMD मौसम अपडेट में मध्य और पश्चिमी भारत की स्थिति
मध्य प्रदेश में 5 अक्टूबर को पश्चिमी क्षेत्रों में वर्षा हो सकती है। 4 और 5 अक्टूबर को पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में भी बारिश की संभावना है। राजस्थान में 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली कड़कने की आशंका बनी रहेगी।
IMD का देश के उत्तरी क्षेत्रों का पूर्वानुमान
IMD मौसम अपडेट मुताबिक भारत में, 4 और 5 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों पर तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। इन राज्यों के पहाड़ी इलाकों में मौसम में होने वाला यह बदलाव स्थानीय निवासियों और यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने सलाह दी है कि इन मौसमी परिस्थितियों के मद्देनजर लोग सतर्कता बरतें और नवीनतम अपडेट पर नजर बनाए रखें। किसानों, मछुआरों और यात्रियों को विशेष रूप से सावधानी की सलाह दी गई है।


