नैनीताल न्यूज- पुरे उत्तराखण्ड में लगातार हुई भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के कारण जहां एक ओर पूरा पर्यटन व्यवसाय ठप पड़ा था, वहीं अब उत्तराखण्ड की सरोवर नगरी नैनीताल में एक बार फिर से सैलानियों की आवाजाही में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। बीते रविवार को नगर में काफी रौनक देखने को मिली और इसके बाद टैक्सी होटल के पर्यटन कारोबारियों ने आने वाले दिनों में और भीड़ बढ़ने की उम्मीद जताई है।
पिछले कुछ दिनों से मौसम के थोड़ा शांत होने के साथ ही सैलानियों ने फिर से नैनीताल का रुख किया। बीते शुक्रवार से शुरू हुई यह बढ़ोतरी रविवार को पूरे शहर में खासी चहल-पहल का कारण बनी। नैनीताल शहर के प्रमुख आकर्षण केंद्र जैसे स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, वॉटरफॉल, केव गार्डन और चिड़ियाघर में पूरे दिन सैलानियों का ताँता लगा रहा। माल रोड पर भी काफी अधिक भीड़ देखी गई और झील में नौका विहार करने वाले सैलानियों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
नैनीताल में ‘ऑटम सीजन’ की उम्मीद
नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट के अनुसार, यह सिलसिला आगे भी जारी रहने की उम्मीद भी है। उन्होंने बताया कि नवरात्रों के साथ ही ‘ऑटम सीजन’ (पतझड़ का मौसम) की शुरुआत होने की संभावना भी है, जो अक्टूबर के दूसरे पखवाड़े तक लंबा चलेगा। इससे होटल और रेस्तरां व्यवसायियों को भी काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
नैनीताल में मौसम ने दिखाया अलग ही रंग
हालांकि, रविवार को मौसम ने भी अपना एक अलग ही रंग दिखाया। सुबह तेज और दोपहर में हल्की बारिश ने लोगों को गीला जरूर किया, लेकिन सैलानियों के उत्साह में कोई कमी इस अचानक आई बारिश से नहीं आई। इस बारिश का एक फायदा यह हुआ कि नैनी झील का जलस्तर 88 फीट तक पहुंच गया, जो एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक मानसूनी वर्षा जारी रहने की संभावना है। विभाग ने 18 सितंबर तक यलो अलर्ट भी जारी किया हुआ है। विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि इस तारीख के बाद ही मौसम में सुधार आने की उम्मीद बन रही है।
ऐसे में, बारिश की छतरियां साथ लिए सैलानियों का एक बार फिर से नैनीताल में टहलना इस बात का संकेत है कि प्रकृति की मार झेल चुका यह खूबसूरत शहर धीरे-धीरे अपनी खोई हुई की और रौनक वापस पा रहा है।


