HKRN New Update,चंडीगढ़। हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने राज्य के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सुनाई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) की समीक्षा बैठक में राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देने के लिए 103 प्रकार की भर्तियों को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों में 6,377 पदों पर नियुक्ति पत्र (कार्यभार ग्रहण पत्र) जारी करने के भी आदेश भी दिए गए हैं।
युवाओं के लिए बड़ा अवसर
सरकार के इस निर्णय से हजारों युवाओं के सपनों को पंख लगने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने वित्त विभाग की सिफारिशों के आधार पर इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश भी दिए हैं। इन 6377 पदों में सबसे अधिक संख्या क्लर्क पदों की है। कुल 3240 क्लर्क पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा शिक्षा विभाग में 835 टीजीटी (Trained Graduate Teacher), 112 पीजीटी (Post Graduate Teacher) और 1820 पीआरटी (Primary Teacher) भर्ती के लिए चुने गए हैं। साथ ही 370 भारी वाहन चालकों की नियुक्ति भी की जाएगी। जानकारी के लिए बता दे कि यह सभी नियुक्तियां HKRN के माध्यम से की जाएंगी।
HKRN ने जारी किए नए दिशा-निर्देश
बैठक के दौरान संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों की सेवा समाप्ति को लेकर नए दिशानिर्देश भी तुरंत प्रभाव से जारी किए गए हैं। अब विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे किसी कर्मचारी की सेवा समाप्ति की रिपोर्ट 15 दिन के भीतर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपडेट करें। यदि तय समय में कोई जवाब नहीं आता है तो मान लिया जाएगा कि कर्मचारी की कार्यमुक्ति पर कोई आपत्ति नहीं है, और उसे पोर्टल से स्वतः हटा दिया जाएगा।
हालाँकि, इस प्रक्रिया के लिए दो महत्वपूर्ण शर्तें रखी गई हैं। पहली, कि कर्मचारी हरियाणा अनुबंधित कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के दायरे में न हो। दूसरी, कि कर्मचारी से जुड़ा कोई मामला अदालत में लंबित न हो, जिसमें उसे कोई अंतरिम राहत मिली हो। अगर ये शर्तें पूरी होती हैं और विभाग समय पर जवाब नहीं देता, तो कर्मचारी की सेवा स्वतः समाप्त मानी जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सैनी सरकार का लक्ष्य
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा राज्य सरकार का उद्देश्य युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी एवं कुशल बनाना है। HKRN के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा ताकि योग्य उम्मीदवारों को समय पर नौकरी मिल सके। इस फैसले से न केवल हज़ारों परिवारों को रोजगार मिलेगा, बल्कि राज्य के विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरकर प्रशासनिक कार्यों की गति भी बढ़ेगी। यह हरियाणा सरकार की युवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की कड़ी में एक और महत्वपूर्ण कदम है।




