NHAI toll tax नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने देश भर में अपने सभी राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर लगे टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की दरों में संशोधन किया है। आज एक अक्टूबर से लागू हुई इन नई दरों के तहत वाहन चालकों को पहले की तुलना में कम टोल शुल्क का भुगतान करना होगा, जिससे उन्हें आर्थिक राहत जरुर मिलेगी।
कितनी होगी NHAI टोल के रेटो में कमी?
NHAI के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, टोल दरों में हुई यह कमी वाहनों के केटेगरी के आधार पर अलग-अलग है। हल्के वाहनों जैसे कारों और एसयूवी के लिए यह कमी लगभग पाँच रुपये की हुई है, जबकि भारी वाहनों जैसे ट्रकों और बसों के लिए यह राशि पचास रुपये तक पहुँच गई है। इस संशोधन के साथ ही सभी टोल प्लाजा पर नई दरों से शुल्क वसूली शुरू भी कर दी गई है।
NHAI टोल के रेटो में क्यों हुआ यह बदलाव?
इस समायोजन का प्रमुख कारण थोक मूल्य सूचकांक (WPI) में आया बदलाव बताया जा रहा है। NHAI मुख्यालय द्वारा लखनऊ, मेरठ और देश के अन्य सभी क्षेत्रों में यह संशोधित आदेश भी जारी किए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वार्षिक टोल दर संशोधन की प्रक्रिया के तहत भी यह कदम उठाया गया है। माना जा रहा है कि एक अगस्त से सालाना टोल पास सिस्टम लागू होने के कारण भी यह निर्णय लिया गया।
यूपी मेरठ क्षेत्र के प्रमुख NHAI टोल प्लाजा होंगे शामिल
मेरठ जिले के अंतर्गत आने वाले कई प्रमुख टोल प्लाजा पर भी यह नई दरें लागू होंगी। इनमें सिवाया टोल, काशी टोल, मवाना टोल, भूनी टोल, और बुलंदशहर टोल जैसे महत्वपूर्ण प्लाजा शामिल हैं। मंगलवार रात्रि से ही इन प्लाजा पर नई दरों को लागू करने की तैयारी शुरू हो गई थी।
यह कदम राष्ट्रीय राजमार्गों का उपयोग करने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए एक सकारात्मक खबर है, जिन्हें अब अपनी दैनिक यात्रा पर कुछ हद तक कम खर्च वहन करना होगा। NHAIने सभी टोल संचालन कंपनियों को मुख्यालय के इन निर्देशों का तत्परता से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।



