Share Market IPO Update- वो शाम की थकान, जब बर्तनों का ढेर देखकर मन बैठ जाता है। वो महीने में एक बार की जाने वाली घर की सफाई, जिसके लिए किसी भरोसेमंद की तलाश रहती है। या फिर किसी खास मौके पर पार्लर जाने की जल्दी। इन्हीं छोटी-छोटी जरूरतों और ‘कनेक्टिविटी’ के सिक्के को सही जगह लगाकर भारतीय कंपनी अर्बन कंपनी ने न सिर्फ भारतीय घरों में, बल्कि अब शेयर बाजार में भी अपनी धाक जमा ली है। आज यानी 17 सितंबर, बुधवार को कंपनी के शेयरों ने जो कारनामा किया, उसने हर किसी का ध्यान कंपनी की और खींचा है।
देश की राजधानी नई दिल्ली से ऑपरेट हो रही इस कंपनी ने आज शेयर बाजार में अपनी शुरुआत की और पहले ही दिन अपने IPO प्राइस से 57 फीसदी से भी ज्यादा की छलांग लगा दी। यानी जिन निवेशकों ने इस कंपनी पर दांव लगाया था, उनकी चांदी हो गईं।
आखिर क्या है इस हलचल की वजह?
असल में, अर्बन कंपनी का IPO (Initial Public Offering) पहले से ही चर्चा में था। बीते 10 सितंबर को खुले और 12 सितंबर को बंद हुए इस IPO को निवेशकों ने इतना प्यार दिया कि यह 103 गुना से भी ज्यादा सब्सक्राइब हुआ। यह आंकड़ा अपने आप में बता देता है कि बाजार के निवेशकों की उम्मीदें इस स्टॉक से कितनी ऊंची थीं। कंपनी ने इस IPO के जरिए बाजार से करीब 1,900 करोड़ रुपये जुटाए थे।
IPO के निवेशकों की जेब हुई मोटी
कंपनी ने अपने IPO की कीमत 98 से 103 रुपये के बीच रखी थी। आज जब अर्बन कंपनी का शेयर एनएसई पर 162.25 रुपये और बीएसई पर 161 रुपये पर लिस्ट हुआ, तो इसका मतलब था कि आवंटन में शामिल होने वाले निवेशकों को एक ही रोज में करीब 57.5% तक का मुनाफा हुआ। कंपनी का बाजार पूंजीकरण भी एक झटके में 23,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। यह वो रिटर्न है जिसका सपना हर छोटा-बड़ा निवेशक देखता है।
ग्रे मार्केट की भविष्यवाणी से भी टपका रिटर्न
लिस्टिंग से पहले ही, ग्रे मार्केट (Grey Market) में इस शेयर की धड़कनें भी तेज थीं। एक्सपर्ट्स अनुमान लगा रहे थे कि यह IPO प्राइस से करीब 52% प्रीमियम पर लिस्ट हो सकता है। लेकिन अर्बन कंपनी ने सबको पीछे छोड़ते हुए 57% से भी ज्यादा की शानदार एंट्री दर्ज की। यह सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि बाजार के उस विश्वास का सूचक है, जो इस कंपनी के बिजनेस मॉडल और भविष्य की ग्रोथ को लेकर दिखाई दे रहा है।
अर्बन कंपनी के शेयर में आगे का रास्ता क्या है?
ब्रोकरेज फर्म मेहता इक्विटीज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, प्रशांत तापसे का मानना है कि कंपनी की ग्रोथ स्टोरी अभी और बाकी है। कंपनी IPO से मिले पैसों को नई टेक्नोलॉजी विकसित करने, अपना क्लाउड इन्फ्रास्ट्रक्चर बेहतर बनाने और बिजनेस का विस्तार करने में भी लगाएगी। एक ऐसे सेक्टर में जहां डिजिटल एडॉप्शन तेजी से बढ़ रहा है और शहरी जीवनशैली व्यस्त भी होती जा रही है, वहां अर्बन कंपनी जैसे प्लेयर के लिए ग्रोथ के कई अहम रास्ते खुले हैं।
देश की इस कंपनी ने साबित कर दिया है कि अगर बिजनेस मॉडल मजबूत हो और लोगों की रोजमर्रा की समस्या का सही समाधान पेश करे, तो बाजार आपको सिर आंखों पर बिठाने के लिए तैयार भी है। आज का दिन न सिर्फ अर्बन कंपनी के लिए ऐतिहासिक रहा, बल्कि उन हजारों निवेशकों के लिए भी एक मीठी याद बन गया, जिन्होंने इस ‘घरेलू’ सफलता की कहानी में पैसे को निवेश कर अपना हिस्सा लिया।




