IMD North India Weather Alert, नई दिल्ली: उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ली है। दिल्ली समेत कई राज्यों में ठंडक बढ़ गई है और भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
IMD अपडेट मुताबिक तापमान में गिरावट
IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज हो सकती है। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मध्य भारत में भी तापमान में 2 से 4 डिग्री की कमी देखी जा सकती है। गुजरात और उत्तरी महाराष्ट्र में भी इसी तरह का बदलाव अनुमानित है।
IMD Weather कोहरा और शीतलहर का खतरा
IMD मुताबिक 28 से 30 जनवरी के बीच हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, 29 और 30 जनवरी को उत्तराखंड तथा 28 और 29 जनवरी को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में कोहरे की स्थिति बन सकती है। हिमाचल और पंजाब में 29 से 31 जनवरी तक शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।
IMD की इन राज्यों में ओले और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट
27 जनवरी को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की संभावना है। बिहार में 28 जनवरी को गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। सिक्किम में भी इसी दिन ओले पड़ने की आशंका है।
IMD का दिल्ली और पंजाब में रेड अलर्ट
दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली और उत्तर-पश्चिम दिल्ली सहित कई क्षेत्रों में रेड अलर्ट घोषित किया है। पंजाब में फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज आंधी और भारी बारिश की संभावना है। चंडीगढ़, लुधियाना और मोहाली सहित अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है।
IMD मौसम पूर्वानुमान में उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड में सतर्कता
पश्चिमी यूपी के जिलों में आंधी-तूफान और मध्यम बारिश की चेतावनी दी गई है। हरियाणा के अंबाला, करनाल और यमुनानगर में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के लगभग सभी प्रमुख जिलों में बारिश और खराब मौसम की आशंका है, जिसके चलते पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मध्य प्रदेश में भी असर
ग्वालियर-चंबल क्षेत्र सहित उत्तरी मध्य प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। आगर-मालवा, भिंड, दतिया और मुरैना जैसे जिलों में मौसम बिगड़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। आने वाले दिनों में ठंड, कोहरा और बारिश लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर सकते हैं। मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।



