EPFO Passbook Lite, नई दिल्ली। अगर आप नौकरीपेशा हैं और हर महीने आपकी सैलरी से PF कटता है, तो EPFO की नई सुविधा आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी लेकर आई है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने सदस्यों के लिए एक ऐसी नई सुविधा शुरू की है, जिससे अब आप बिना अलग से लॉग इन किए ही अपनी पूरी PF डिटेल्स सीधे मेम्बर पोर्टल पर देख सकते हैं। इस नई सुविधा का नाम रखा गया है ‘पासबुक लाइट’ (Passbook Lite)।
केंद्र की मोदी सरकार के केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस नई सुविधा का एलान करते हुए कहा कि इसका मकसद सदस्यों को और भी अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और तेज सर्विस देना है। उन्होंने कहा, “यह सुधार हमारे करोड़ों सदस्यों के लिए डिजिटल सुविधा को और बढ़ाएगा।”
क्या है ‘पासबुक लाइट'(Passbook Lite)?
अभी तक, सदस्यों को अपना PF बैलेंस, महीने वार योगदान या लेन-देन का ब्यौरा देखने के लिए अलग से पासबुक पोर्टल पर जाकर लॉग इन करना पड़ता था। इस प्रक्रिया में काफी समय लगता था और कई बार सर्वर की उलझन भी होती थी। ‘पासबुक लाइट’ इसी समस्या का हल है।
अब, आप सीधे EPFO के यूनिफाइड मेम्बर पोर्टल पर लॉग इन करते ही ‘पासबुक लाइट’ (Passbook Lite)के विकल्प पर क्लिक कर सकते हैं। यहां आपको अपने खाते का सारा विवरण एक ही जगह पर साफ-साफ दिख जाएगा। इसमें आपके हर महीने के योगदान, ब्याज की राशि और कुल जमा धनराशि को आसान ग्राफ और चार्ट के जरिए भी दिखाया गया है, ताकि समझने में आसानी हो।
PF ट्रांसफर की पूरी जानकारी भी अब सीधे आपकी मुट्ठी में
इसके साथ ही, EPFO ने पीएफ खाता ट्रांसफर की प्रक्रिया को भी और पारदर्शी भी बना दिया है। पहले, नौकरी बदलने पर पीएफ ट्रांसफर के बाद जो ट्रांसफर सर्टिफिकेट (Annexure K) बनता था, वह सिर्फ ऑफिसों के बीच साझा होता था। सदस्यों को इसे हासिल करने के लिए अलग से आवेदन करना पड़ता था।
अब, इस नए सुधार के तहत, आप सीधे अपने मेम्बर पोर्टल से ही इस Annexure K को PDF फॉर्मेट में डाउनलोड कर सकते हैं। इससे आप अपने ट्रांसफर आवेदन की स्थिति को रियल-टाइम ट्रैक कर सकते हैं और यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि आपका पूरा बैलेंस और सेवा का इतिहास सही तरीके से नए खाते में ट्रांसफर हो गया है। यह डिजिटल रिकॉर्ड भविष्य में आपकी पेंशन (EPS) के लिए भी बहुत काम आएगा।
पीएफ के लिए कैसे करें इस्तेमाल?
1. EPFO के यूनिफाइड मेम्बर पोर्टल पर जाएं।
2. अपने UAN और पासवर्ड से लॉग इन करें।
3. होमपेज पर ही ‘Passbook Lite’ के विकल्प पर क्लिक करें।
4. आपकी पूरी पासबुक की सारिणी सामने होगी।
EPFO की यह नई पहल निश्चित रूप से करोड़ों कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर लेकर आई है। मोदी सरकार के डिजिटल इंडिया की इस दिशा में यह कदम सरकार की ‘ईज ऑफ लिविंग’ को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। अब आप अपनी मेहनत की कमाई पर नजर रख सकते हैं, वह भी बिना किसी परेशानी के। तो अगली बार जब भी आपको अपना पीएफ बैलेंस चेक करना हो, बस एक क्लिक कीजिए और EPFO की ‘पासबुक लाइट’ (Passbook Lite) सुविधा का लाभ उठाइए।




