Haryana Halchal डेस्क- साल 2025 हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए बेहद खास रहा। इस वर्ष कई गाने न केवल यूट्यूब पर बल्कि इंस्टाग्राम रील्स और शादी-पार्टी जैसे आयोजनों में भी लोगों की पहली पसंद बने। देसी बीट्स, रोमांस और डांस से भरपूर इन गानों ने दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। कुछ गानों ने तो 50 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल कर रिकॉर्ड कायम किया। आइए जानते हैं इस साल के टॉप गानों और उनसे जुड़े विवादों की पूरी कहानी।
राज मावर का ‘ऊंचा नीचा रास्ता’
राज मावर और कोमल चौधरी द्वारा गाया गया यह गाना सीमा फिल्म्स के यूट्यूब चैनल पर 16 मार्च को रिलीज हुआ। गाने ने अब तक 94 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल किए हैं और 2.26 लाख से ज्यादा लोगों ने इसे लाइक किया है। यह गाना 2025 का सबसे बड़ा हिट साबित हुआ और शादियों से लेकर सोशल मीडिया तक हर जगह छाया रहा।
‘जी लाग्गे स बाबा म्ह’ की लोकप्रियता
30 जून को अमन जाजी के चैनल पर अपलोड हुआ यह गाना 66 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है। राज मावर की आवाज और मुकेश जाजी के बोलों ने इसे खास बना दिया। गाने पर 4.19 लाख से ज्यादा लाइक और हजारों कमेंट्स मिले हैं। यह गाना हरियाणा के युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय रहा।
‘आंख ये तालिबानी’ का वायरल ट्रेंड
मनीष सोनीपत आला का यह हरियाणवी गाना 5 जुलाई को सोनी म्यूजिक इंडिया के साथ लॉन्च हुआ। 64 मिलियन से अधिक व्यूज और लाखों लाइक्स के साथ यह गाना तेजी से वायरल हुआ। खास बात यह रही कि केवल यूट्यूब पर ही इस गाने पर तीन लाख से ज्यादा रील्स बनाई गईं।
ढांडा न्योलीवाला का ‘इश्क बावला’
कोक स्टूडियो इंडिया पर 18 जून को रिलीज हुआ यह हरियाणवी गाना 53 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल कर चुका है। साढ़े पांच लाख से ज्यादा लाइक्स और 16 हजार से अधिक कमेंट्स के साथ यह गाना 2025 की सबसे चर्चित धुनों में शामिल रहा।
अजय हुड्डा का ‘लुगाई छोटी’
6 अक्टूबर को रिलीज हुआ यह हरियाणवी गाना 38 मिलियन से अधिक बार देखा गया। अजय हुड्डा और कविता जोशी के अभिनय ने इसे खास बनाया। गाने को चार लाख से ज्यादा लाइक्स और 44 हजार से अधिक कमेंट्स मिले। पति-पत्नी के बीच तंज कसते इस गाने ने दर्शकों को खूब हंसाया।
अन्य हिट गाने
– फॉर्च्यूनर: राज मावर और रुचिका जांगड़ा का यह गाना 58 मिलियन व्यूज के साथ लोकप्रिय रहा।
– फाइनेंसर: बिंटू पाबरा और प्रांजल दहिया का गाना महज एक महीने में 24 मिलियन से अधिक बार देखा गया।
– केडी का ‘क्लीन शेव बंदा’: 17 मिलियन व्यूज के साथ यह गाना भी युवाओं की पसंद बना।
– मासूम शर्मा का ‘सरपंच’: दिसंबर में रिलीज हुआ यह गाना 4 मिलियन से अधिक व्यूज हासिल कर रहा है।
– सपना चौधरी का ‘जले 3’: बलमा सीरीज का यह तीसरा गाना 2.5 मिलियन से अधिक बार देखा गया।
– अमित सैनी रोहतकिया का ‘काली गाड़ी’: 14 मिलियन व्यूज के साथ यह गाना भी हिट रहा, हालांकि इसमें गन कल्चर दिखाए जाने पर विवाद हुआ।
गन कल्चर पर सरकार की सख्ती
2025 में हरियाणा सरकार ने गन कल्चर और गैंग लाइफस्टाइल को बढ़ावा देने वाले गानों पर रोक लगाई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर इस पर सख्त कदम उठाए। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद सोशल मीडिया से 18 गाने हटाए गए। सरकार का दावा है कि ऐसे गाने युवाओं को अपराध की ओर प्रेरित करते हैं।
हरियाणवी कलाकारों की प्रतिक्रिया
गानों पर बैन को लेकर हरियाणवी कलाकारों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि गानों को केवल मनोरंजन की दृष्टि से देखा जाना चाहिए। वहीं सरकार का मानना है कि गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों से अपराध दर में वृद्धि हो रही है।



