UP Budget 2026:उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप पेश किया है। 9 लाख 12 हजार 696 करोड़ रुपये के इस विशाल Budget 2026 को राज्य के समग्र विकास का ‘मास्टरप्लान’ माना जा रहा है। इस बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, युवा, उद्योग और श्रमिकों से जुड़े ऐसे कई बड़े ऐलान किए गए हैं, जिनका सीधा असर आम जनता के जीवन पर पड़ेगा।
UP Budget 2026 बेटियों की तरक्की और शिक्षा पर जोर
UP Budget 2026 में छात्राओं को आगे बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। ‘रानी लक्ष्मीबाई योजना’ के तहत मेधावी छात्राओं को स्कूटी देने के लिए 400 करोड़ रुपये रखे गए हैं। वहीं, बेसिक शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए 77,622 करोड़ रुपये का भारी-भरकम आवंटन किया गया है। गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए भी अलग से राशि प्रस्तावित की गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा विस्तार
स्वास्थ्य क्षेत्र में यूपी ने एक बड़ी छलांग लगाने की तैयारी की है। राज्य में 14 नए मेडिकल कॉलेज संचालित किए जाएंगे, जिसके लिए 1,023 करोड़ रुपये दिए गए हैं। इससे एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़कर 12,800 हो जाएगी। कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लखनऊ के कैंसर संस्थान को 315 करोड़ रुपये मिलेंगे। साथ ही, आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा को और मजबूत किया जाएगा।
UP Budget 2026 युवाओं को रोजगार और उद्योग को बढ़ावा
युवाओं को रोजगार देने वाले MSME (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) क्षेत्र के विकास के लिए 3,822 करोड़ रुपये का प्रावधान है। ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के जरिए हर साल 1 लाख नए सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 1,000 करोड़ रुपये रखे गए हैं। ‘एक जनपद एक उत्पाद’ (ODOP) की तर्ज पर अब ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना भी शुरू की जा रही है, ताकि प्रदेश के स्थानीय स्वादों को दुनिया तक पहुंचाया जा सके।
UP Budget 2026 मजदूरों की सुरक्षा और नए रोजगार
शहरों में काम करने वाले मजदूरों के लिए अब विशेष ‘लेबर अड्डे’ बनाए जाएंगे, जहां उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकृत श्रमिकों को दुर्घटना की स्थिति में 1 से 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता मिलेगी। साथ ही, ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ का गठन कर युवाओं को देश-विदेश में नौकरियां दिलाने की कोशिश की जाएगी।
UP Budget 2026 लखनऊ और अयोध्या को मिला विशेष पैकेज
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लखनऊ के कुकरैल इलाके में ‘नाइट सफारी’ विकसित की जाएगी, जिस पर 207 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। भगवान राम की नगरी अयोध्या के और विकास के लिए 150 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। इनके अलावा, प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने के लिए एक नए संस्कृति संग्रहालय का भी निर्माण किया गया है।
कुल मिलाकर, यूपी का यह UP Budget 2026 2027 के चुनाव से पहले राज्य को विकास की नई राह पर ले जाने का एक सशक्त प्रयास है, जिसमें हर वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने की कोशिश नजर आती है।



