Gold Price Today,नई दिल्ली: देश के प्रमुख बाजारों में आज कीमती धातुओं गोल्ड-सिल्वर के दामों में मिलाजुला रुख देखने को मिला। जहां सोना अपने मजबूत स्तर पर कारोबार करता नजर आया, वहीं चांदी ने एक बार फिर निवेशकों का ध्यान अपनी ओर खींचते हुए तेजी का रुख अपनाया। बाजार विशेषज्ञों का गोल्ड-सिल्वर की वर्तमान स्थिति को लेकर मानना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच निवेशक गोल्ड-सिल्वर जैसे पारंपरिक सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं। यही कारण है कि इन धातुओं में भविष्य की संभावनाएं अब भी मजबूत बनी हुई हैं।
प्रमुख शहरों में सोने के भाव
देश की राजधानी दिल्ली सहित विभिन्न महानगरों में सोने के दामों में आज के कारोबार में थोड़ी बहुत अस्थिरता देखी गई। आज 24 कैरेट सोने का भाव दिल्ली और जयपुर में 1,25,650 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया, जबकि 22 कैरेट सोना 1,15,190 रुपये प्रति दस ग्राम पर कारोबार कर रहा है। मुंबई, चेन्नई और कोलकाता जैसे शहरों में 24 कैरेट सोना 1,25,500 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर पर पहुंच चुका है। बाजार सूत्रों के अनुसार, आगामी त्योहारी सीजन और शादियों के मौसम में सोने की मांग और बढ़ने की उम्मीद है।
वैश्विक बाजार में सोने की संभावनाएं
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख वित्तीय संस्थानों ने सोने को लेकर उत्साहवर्धक अनुमान जारी किए हैं। ब्लूमबर्ग की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, जेपी मॉर्गन प्राइवेट बैंक ने अनुमान जताया है कि साल 2026 के अंत तक सोना 5,200 से 5,300 अमेरिकी डॉलर प्रति औंस के स्तर को छू सकता है। इसी प्रकार गोल्डमैन सैक्स ने भी सोने के लिए 4,900 डॉलर प्रति औंस का लक्ष्य रखा है। ये अनुमान दर्शाते हैं कि वैश्विक निवेशक अभी भी सोने को दीर्घकालिक निवेश के रूप में देख रहे हैं।
चांदी में जारी है तेजी का दौर
जहां सोना स्थिरता के साथ कारोबार कर रहा है, वहीं चांदी ने लगातार दूसरे दिन भी तेजी का रुख बनाए रखा है। घरेलू बाजार में आज चांदी का भाव 1,62,100 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया। विदेशी बाजारों में भी चांदी की मजबूती का सीधा प्रभाव घरेलू बाजार पर देखने को मिला। बाजार विश्लेषकों के अनुसार, सौर ऊर्जा उद्योग और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में बढ़ती औद्योगिक मांग के कारण चांदी के दामों में इस तरह की तेजी देखने को मिल रही है।
गोल्ड-सिल्वर की कीमतों को प्रभावित करने वाले कारक
विशेषज्ञों का मानना है कि गोल्ड-सिल्वर की कीमतों में उतार-चढ़ाव कई घरेलोग और वैश्विक कारकों पर निर्भर करता है। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, वैश्विक केन्द्रीय बैंकों की ब्याज दर नीतियां, अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक तनाव और घरेलू मांग में उतार-चढ़ाव जैसे कारक गोल्ड-सिल्वर की कीमतों को प्रभावित करते हैं। त्योहारों और विवाह समारोहों के मौसम में घरेलू मांग बढ़ने से भी कीमतों में तेजी आती है।
गोल्ड-सिल्वर को लेकर निवेशकों के लिए सलाह
बाजार विशेषज्ञ निवेशकों को सलाह देते हैं कि सोना दीर्घकालिक निवेश के लिए एक उत्कृष्ट विकल्प बना हुआ है, जबकि चांदी में अल्पकालिक लाभ की संभावनाएं अधिक दिखाई दे रही हैं।



