Jodhpur delhi vande bharat: राजस्थान के लोगों के लिए इस त्योहारी सीजन में ट्रेन की यात्रा की दुनिया और भी आरामदायक और तेज होने वाली है। राजधानी जयपुर को इस महीने दो नई ट्रेनों का तोहफा मिल रहा है, जिनमें जोधपुर-दिल्ली कैंट के बीच दौड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस भी शामिल है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 25 सितंबर से इन दोनों ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांसवाड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से इन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन सिर्फ 8 घंटे में पहुंचाएगी दिल्ली
यह नई वंदे भारत यात्रियों के लिए समय की बचत करने वाली साबित होगी। ट्रेन मंगलवार को छोड़कर हर दिन चलेगी। जोधपुर से सुबह 5.30 बजे रवाना होकर यह दोपहर 1.30 बजे दिल्ली कैंट पहुंचेगी, यानी सफर में महज 8 घंटे 05 मिनट का समय लगेगा। वापसी में, दिल्ली कैंट से दोपहर 3.10 बजे चलकर यह शाम 7.10 बजे जयपुर और रात 11.15 बजे जोधपुर पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
जोधपुर से दिल्ली की ओर जाते हुए यह डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, अलवर, रेवाड़ी, और गुरुग्राम जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे इन शहरों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। जयपुर जंक्शन पर इसका ठहराव सुबह 9.35 बजे के आसपास होगा।
उदयपुर-चंडीगढ़ ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी
दूसरी उदयपुर सिटी और चंडीगढ़ के बीच चलेगी, जो जयपुर के रास्ते से गुजरेगी। यह ट्रेन सप्ताह में दो दिन ही संचालित होगी। उदयपुर से यह बुधवार और शनिवार को शाम 4.05 बजे रवाना होगी और रात 11.10 बजे जयपुर पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 9.50 बजे यह चंडीगढ़ पहुंच जाएगी। वापसी में, चंडीगढ़ से यह गुरुवार और रविवार को सुबह 11.20 बजे चलेगी और रात 9.25 बजे जयपुर तथा अगली सुबह 5.25 बजे उदयपुर पहुंचेगी।
इसका सफर मावली, कपासन, चंदेरिया, भीलवाड़ा, अजमेर, फुलेरा, गांधीनगर जैसे स्टेशनों से होकर गुजरेगा, जिससे कई छोटे-बड़े शहरों के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
इन दो नई ट्रेनों के शुरू होने से राजस्थान की कनेक्टिविटी में बहुत सुधार होगा। जोधपुर-दिल्ली वंदे भारत से व्यापारियों और पर्यटकों दोनों को फायदा मिलेगा, जबकि उदयपुर-चंडीगढ़ उत्तरी भारत के एक प्रमुख शहर से सीधा जोड़कर मेवाड़ क्षेत्र के विकास में मददगार साबित होगी। त्योहारों के मौसम से ठीक पहले इन सेवाओं का शुभारंभ यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आया है।



